केदारताल ट्रेक हादसा: अब तक 6 ट्रेकर्स के शव बरामद, चार की हुई पहचान; दो अब भी लापता
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित केदारताल ट्रेक हादसे में रेस्क्यू अभियान जारी है। बुधवार, 5 नवंबर को टीम ने दो और ट्रेकर्स के शव बरामद किए। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या छह हो गई है, जबकि दो लापता सदस्यों की तलाश जारी है। बरामद छह शवों में से चार की पहचान हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को 13 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। दल में सात ट्रेकर्स, एक स्थानीय गाइड, दो कुक और तीन पोर्टर शामिल थे। एक कुक 28 अक्टूबर को ही गंगोत्री लौट आया था। वहीं, खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण दल के आठ सदस्य एवलॉन्च और लैंडस्लाइड की चपेट में आ गए, जबकि पांच सदस्य सुरक्षित बच गए।
अब तक बरामद शवों में पश्चिम बंगाल निवासी 40 वर्षीय रिंटू मंडल और 30 वर्षीय उदय घोष शामिल हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी 28 वर्षीय वर्तिका वर्मा और 29 वर्षीय दीपिका वर्मा (सगी बहनें) की भी पहचान हुई है। दो अन्य शवों की शिनाख्त अभी बाकी है।
ट्रेकिंग एजेंसी को 30 अक्टूबर को दल के खराब मौसम और बर्फबारी के बीच फंसने की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमों ने सर्च एंड रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 2 नवंबर को करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर दल का सामान मिला था। इसके बाद 3 नवंबर को दो, 4 नवंबर को दो और 5 नवंबर को दो सदस्यों के शव बरामद किए गए। दुर्गम क्षेत्र और खराब मौसम के बीच रेस्क्यू टीमें अभी भी दो लापता सदस्यों की तलाश में जुटी हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
