उत्तराखंड के पत्रकारों को दिवाली का तोहफा, सीएम धामी ने पेंशन बढ़ाने का किया ऐलान

IMG_20261105_191515

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों के हित में दो बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तहसील, जिला और राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही पत्रकारों की पेंशन राशि में भी वृद्धि की जाएगी। मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित दीपावली महोत्सव के दौरान कीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक देने में अहम भूमिका निभाते हैं।

सीएम धामी ने कहा कि डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के दौर में फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाएं बड़ी चुनौती हैं। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष और सही जानकारी जनता तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की गई है। इसके अलावा पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आगे भी पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास जारी रखेगी।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love