जलागम विभाग का ‘जल-कृषि समृद्धि अभियान’ शुरू, दो महीने तक प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम
देहरादून: उत्तराखंड में जल संरक्षण, कृषि विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए प्रदेशभर में दो माह तक ‘जल-कृषि समृद्धि अभियान’ चलाया जाएगा। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि अभियान के तहत लोगों को जलागम विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही ग्रामीणों को जल एवं कृषि संसाधनों के संरक्षण के लिए जागरूक किया जाएगा।
अभियान के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बीज वितरण, जरूरतमंद लाभार्थियों को सहायता, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ गोष्ठियां तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना, ग्रीन एजी (जैफ-6), प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-जलागम घटक 2.0 और स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा) की गतिविधियां शामिल रहेंगी।
अभियान का शुभारंभ पिथौरागढ़ के यक्षवती नदी क्षेत्र और हरिद्वार की पीली पड़ाव ग्राम पंचायत से किया गया है। पिथौरागढ़ में आयोजित नदी उत्सव के दौरान जनजागरूकता गतिविधियों, दीपदान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को जल संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं, हरिद्वार में ग्रामीणों को धान की सीधी बुवाई (डीएसआर), गोबर गैस संयंत्र और बारानी कृषि परियोजना से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।
जलागम विभाग की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करने, जल संसाधनों के संरक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के साथ जनसहभागिता को मजबूत करना है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
