देहरादून के मोहब्बेवाला में दर्दनाक सड़क हादसा, कार पर पलटा कंटेनर; चार की मौत

IMG_20261104_215828

देहरादून: राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। प्लास्टिक के दानों से भरा तेज रफ्तार कंटेनर एक आई-20 कार के ऊपर पलट गया। हादसे में दंपति, उनकी मां और कार चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह साल का बच्चा घायल हो गया। उसे कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा चार नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। कार सवार परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था। मृतकों की पहचान 38 वर्षीय विश्वेष कपूर, उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (35), मां किरण कपूर (63) और चालक नीरज के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि विश्वेष कपूर अपने परिवार के साथ गर्भवती भाभी से मिलने देहरादून आ रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कंटेनर और कार हटवाकर खुलवाया।

मोहब्बेवाला में लगातार हो रहे हादसे

देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद मोहब्बेवाला चौक पर सड़क हादसों की संख्या बढ़ी है। इस साल यहां 15 से अधिक हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद इस स्थान को अब तक ब्लैक स्पॉट घोषित नहीं किया गया है। प्रशासन, पुलिस और एनएचएआई के निरीक्षण के बावजूद हादसों पर अंकुश नहीं लग पाया है। बुधवार की दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love