पौड़ी में गुलदार के हमले में मासूम की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने पांच घंटे तक किया सड़क जाम

IMG_16fb7c72-9769-4b23-8029-c52c6dc2e1ed

पौड़ी: पौड़ी के वजली गांव में गुलदार के हमले में पांच वर्षीय बच्ची आरुषि की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को ग्रामीणों ने खांड्यूसैंण के पास पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर करीब पांच घंटे जाम लगाकर प्रदर्शन किया। डीएम के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे और एजेंसी चौक पर धरना दिया।

ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हमलावर गुलदार को मारने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। उनका कहना था कि इडवालस्यूं पट्टी और आसपास के क्षेत्रों में गुलदार अब तक करीब 15 लोगों की जान ले चुका है।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव के साथ धक्का-मुक्की की। वहीं, एसडीओ आयशा बिष्ट और वन कर्मियों को करीब तीन घंटे तक एक कमरे में बंधक बनाए रखा।

डीएफओ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

डीएफओ के साथ कथित मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और अधिकारियों को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने विनोद दनोसी निवासी गडोली समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई प्रवीण रावत को सौंपी गई है। वहीं, डीएफओ का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को नए बस अड्डे से डीएम कार्यालय तक रैली निकालकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love