उत्तराखंड राज्योत्सव: अमित शाह और CM धामी ने ₹1,475 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

IMG_20261106_173349

देहरादून: उत्तराखंड राज्योत्सव के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड में ₹1,475.31 करोड़ की 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹1,073.11 करोड़ की 44 योजनाओं का शिलान्यास और ₹402.20 करोड़ की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

इन योजनाओं से प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और शहरी विकास को गति मिलेगी। प्रमुख कार्यों में देहरादून में साइबर उत्कृष्टता केंद्र, हल्द्वानी में फायर स्टेशन के आवासीय भवन और सितारगंज में मिल्क पाउडर व आइसक्रीम प्लांट का निर्माण शामिल है। हरिद्वार में कुंभ-2027 के मद्देनजर आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।

इस दौरान प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 2024 के लिए नरेंद्र सिंह नेगी और 2025 के लिए हेमंत पांडे को चुना गया। दोनों कलाकारों को ₹2-₹2 लाख की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार उत्तराखंड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जीएसडीपी इस वर्ष लगभग ₹3.82 लाख करोड़ रहने का अनुमान है और आर्थिक विकास दर 7.23 प्रतिशत रहने की संभावना है। उन्होंने नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड के प्रथम स्थान और पर्यटन, मत्स्य व फिल्म निर्माण के क्षेत्र में मिली उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि सरकार कनेक्टिविटी, पर्यटन, उद्योग, स्वरोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विकास के जरिए उत्तराखंड को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love