अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर की बैठक
देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय में विभिन्न विभागों और उपक्रमों के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की सूची जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान के दिन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को डाक मतपत्र के जरिए मतदान की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक विभाग में मुख्यालय स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी तैनात करने को कहा।
डॉ. जोगदंडे ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य आवश्यक सेवाओं में कार्यरत सभी कर्मचारियों की मतदान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना है।
बैठक में पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, परिवहन, पशुपालन, ऊर्जा निगम, पेयजल और सूचना एवं लोक संपर्क सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
