उत्तराखंड पुलिस को मिला राष्ट्रपति पुलिस निशान, अमित शाह ने किया सम्मानित
देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित समारोह में उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत किया। इसके साथ ही उत्तराखंड यह सम्मान प्राप्त करने वाला देश का 16वां राज्य बन गया है। यह सम्मान पुलिस बल की 25 वर्षों की सेवा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया है।
समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। इस दौरान अमित शाह ने पुलिस परेड का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया।
अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, चारधाम यात्रा और आपदाओं के दौरान पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से आम जनता को समयबद्ध न्याय दिलाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान उत्तराखंड पुलिस के साहस, अनुशासन और जनसेवा की राष्ट्रीय मान्यता है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत 7 हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 307 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान पुलिसकर्मियों को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
