स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26: रुद्रपुर बना देश का सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
देहरादून: स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर ने देशभर में अपनी खास पहचान बनाई है। रुद्रपुर को क्लीन हिमालय सिटी श्रेणी में देश में पहला स्थान मिला है। इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति ने शहर को सम्मानित किया।
2011 की जनगणना के अनुसार, रुद्रपुर की आबादी करीब 1.41 लाख थी, जो वर्ष 2026 के अनुमान के मुताबिक बढ़कर लगभग 2.09 लाख हो गई है। तेजी से बढ़ती आबादी के बावजूद स्वच्छता के क्षेत्र में शहर का यह प्रदर्शन नगर निगम और स्थानीय लोगों के प्रयासों को दर्शाता है।
काशीपुर को मिला उत्तराखंड की सबसे स्वच्छ सिटी का पुरस्कार
वहीं, ऊधम सिंह नगर जिले के ही काशीपुर शहर ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। काशीपुर को फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ उत्तराखंड का पुरस्कार मिला है। सम्मान समारोह में मेयर दीपक बाली ने अपनी टीम के साथ राष्ट्रपति से यह पुरस्कार ग्रहण किया।
उत्तराखंड के लिए गौरव की उपलब्धि
रुद्रपुर और काशीपुर को मिले इन राष्ट्रीय सम्मानों को पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है। दोनों शहरों की उपलब्धि से साफ है कि जनभागीदारी, बेहतर प्रबंधन और नगर निकायों के निरंतर प्रयासों से स्वच्छता के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
