उत्तराखंड में स्व-गणना शुरू, 30 नवंबर तक ऑनलाइन दे सकेंगे जानकारी

IMG_20261116_192448

देहरादून: उत्तराखंड में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। सोमवार को राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने-अपने आवास पर परिवार सहित ऑनलाइन स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कर इस अभियान का शुभारंभ किया।

प्रदेशवासी 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि जनगणना देश और प्रदेश की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से समाज की जरूरतों को समझने, संसाधनों का उचित वितरण करने और जनकल्याणकारी योजनाओं की दिशा तय करने में मदद मिलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से सही जानकारी उपलब्ध कराने और प्रगणकों को सहयोग देने की अपील की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना के सटीक आंकड़े राज्य के विकास और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए जनसंख्या के सटीक आंकड़े विशेष महत्व रखते हैं। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने में ये आंकड़े उपयोगी साबित होंगे।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love