हरिद्वार में 11 माह की मासूम से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार; लोगों में आक्रोश
हरिद्वार: हरिद्वार में 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद फरार हुए 18 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर हालत में बच्ची का हायर सेंटर में इलाज जारी है। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और आरोपी को फांसी देने की मांग उठ रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सौरभ कुमार मूल रूप से बिहार के भागलपुर का निवासी है और हरिद्वार की विकास इंडस्ट्री में काम करता था। वह पिछले करीब 15 दिनों से पीड़ित परिवार के आसपास रह रहा था। रविवार देर रात बच्ची रो रही थी और उसकी मां खाना बना रही थी। आरोप है कि सौरभ बच्ची को चुप कराने के बहाने गोद में उठाकर अपने कमरे में ले गया।
कुछ देर बाद बच्ची की चीख सुनकर मां कमरे में पहुंची तो मासूम गंभीर हालत में मिली। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
शहर कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक अनिता शर्मा को सौंपी गई है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करने के लिए साक्ष्य जुटा रही है। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट मेंकराई जाएगी, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग की है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
