चमोली में बड़ा टनल हादसा, कई मजदूर फंसे; 16 मजदूरों का रेस्क्यू

HPnD7gkbsAA54Em

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मायापुर क्षेत्र में THDC की निर्माणाधीन विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की टनल में अचानक मलबा और पानी भर गया, जिसके बाद अंदर काम कर रहे कई मजदूर फंस गए। घटना की सूचना करीब शाम 7:05 बजे मिली।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टनल के भीतर करीब 18 से 20 मजदूर मौजूद थे। हादसे के बाद तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि बाकी लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान जारी है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए NDRF, SDRF, सेना और ITBP की टीमें मौके के लिए रवाना की गई हैं। स्थानीय पुलिस, प्रशासन और अन्य बचाव दल भी लगातार अभियान में जुटे हैं। मलबे और पानी के कारण टनल के भीतर रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

CM धामी ने अधिकारियों को दिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से लगातार स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने NDRF और SDRF समेत सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यह वही 444 मेगावाट विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना है, जिसका निर्माण THDC India Limited की ओर से अलकनंदा नदी पर हेलंग और पीपलकोटी के बीच किया जा रहा है। परियोजना में पहले भी टनल के भीतर हादसा हो चुका है। दिसंबर 2025 में इसी परियोजना की सुरंग में दो लोको ट्रेनों की टक्कर में कई श्रमिक घायल हुए थे।

फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन की प्राथमिकता टनल में फंसे शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो

 

Spread the love