‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ में उमड़ा युवाओं का उत्साह, 2.5 लाख से अधिक निबंध जमा
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू हुए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को विद्यार्थियों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। अब तक 2.5 लाख से अधिक कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने निबंध और सुझाव पोर्टल पर जमा कर उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपना विजन साझा किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने 10 अगस्त को करीब तीन लाख विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद कर उनसे पूछा था कि वे आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को किस रूप में देखना चाहते हैं। इसके बाद सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक समेत आठ प्रमुख विषयों पर सुझाव दिए हैं। सरकार इन विचारों को प्रदेश की युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं और विकास की सोच के रूप में देख रही है।
अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इन विद्यार्थियों से स्वयं संवाद करेंगे। श्रेष्ठ प्रतिभागियों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
अभियान में शामिल विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र दिया जा रहा है। निबंध जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवाओं के अच्छे और व्यावहारिक सुझावों को उत्तराखंड के विकास और भविष्य की नीतियों में स्थान दिया जाएगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
