पौड़ी में छात्रों को बाल अधिकारों और सुरक्षा कानूनों की दी गई जानकारी
पौड़ी गढ़वाल: राजकीय इंटर कॉलेज निसनी में मंगलवार को बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों को लेकर एक दिवसीय जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। महिला कल्याण विभाग के तहत जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU), बाल कल्याण समिति (CWC), विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण (SAA) और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य कपिल रतूड़ी ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति, शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से सहायता ले सकते हैं।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने POCSO एक्ट, बाल सुरक्षा, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और बच्चों से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को दत्तक ग्रहण की वैधानिक प्रक्रिया और उससे संबंधित नियमों के बारे में भी बताया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कुमार चंद्र ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग बनाने के साथ उनके आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
