उत्तराखंड के 20 लाख छात्र लेंगे ‘विकसित भारत’ अभियान में हिस्सा, 17 सितंबर से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं
देहरादून: उत्तराखंड के शिक्षण संस्थानों में छात्रों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने और उन्हें विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रदेशभर के सरकारी, अशासकीय, अर्द्धसरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के 20 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के इसमें शामिल होने की उम्मीद है।
विद्यालयी, संस्कृत, तकनीकी और उच्च शिक्षा संस्थानों में आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में छात्र चित्रकला और भाषण के माध्यम से विकसित भारत को लेकर अपने विचार, सपने और संकल्प व्यक्त करेंगे। विद्यालयों में उत्कृष्ट चित्रों और रचनात्मक प्रस्तुतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
जिला और राज्य स्तर पर होंगे कार्यक्रम
विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताओं के बाद उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन जिला स्तर के लिए किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों का चयन राज्य स्तरीय मंच के लिए करेंगे। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को अपने शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को ‘सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 25 वर्ष’ अभियान के तहत सभी शिक्षण संस्थानों में छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. रावत ने सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों और जिला शिक्षा अधिकारियों को प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए तैयारियां पूरी करने को कहा। साथ ही चारों शिक्षा विभागों को आपसी समन्वय से विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर अभियान को प्रदेश के प्रत्येक शिक्षण संस्थान तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
