मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए लॉन्च किया ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ ऐप

IMG-20260904-WA0011

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में किसान-केंद्रित मोबाइल ऐप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। इस ऐप को मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति ने विकसित किया है। इसका उद्देश्य किसानों और स्वयं सहायता समूहों को कृषि से जुड़ी जरूरी जानकारी और सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री धामी ने ऐप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से किसानों को कृषि संबंधी जानकारी और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

मौसम, फसल और बाजार की जानकारी एक प्लेटफॉर्म पर

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ ऐप के जरिए किसानों को रियल टाइम मौसम की जानकारी और अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह तथा एआई आधारित फसल रोग पहचान की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी भी ऐप पर उपलब्ध होगी।

ऐप में किसानों के लिए परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। वहीं, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने के लिए भी डिजिटल सुविधाएं विकसित की गई हैं।

समिति के मुताबिक, ऐप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका लक्ष्य कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक किसानों को डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो