उत्तराखंड में HIV जागरूकता अभियान, 50 से अधिक महिलाओं को दिया प्रशिक्षण

IMG-20260907-WA0023

देहरादून: उत्तराखंड में HIV/AIDS को लेकर जागरूकता बढ़ाने और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने समुदाय स्तर पर सक्रिय महिलाओं को प्रशिक्षण दिया। रानीपोखरी स्थित सामुदायिक प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र (CMTC) में आयोजित एक दिवसीय ओरिएंटेशन मीटिंग में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आईं CBO और NGO से जुड़ी 50 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को HIV संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय, जांच, उपचार और संक्रमित व्यक्तियों के अधिकारों की जानकारी दी गई। विभागीय प्रशिक्षक चंद्रकांता ने बताया कि HIV की स्थिति का समय पर पता लगाने के लिए जांच बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के एकीकृत परामर्श एवं जांच केंद्र (ICTC) और PPTCT केंद्रों पर HIV जांच व परामर्श की सुविधा निशुल्क उपलब्ध है।

HIV को लेकर भ्रांतियां दूर करने पर जोर

कार्यक्रम में HIV से जुड़ी गलत धारणाओं और सामाजिक भेदभाव को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों से संक्रमित लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और समुदाय में सही जानकारी पहुंचाने की अपील की गई।

CBO और NGO प्रतिनिधियों को लोगों को HIV जांच, उपचार और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। HIV से जुड़ी जानकारी और परामर्श के लिए 1097 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।

ओरिएंटेशन के दौरान महिलाओं ने HIV संक्रमण, जांच, बचाव और उपचार से जुड़े सवाल पूछे, जिनका प्रशिक्षक ने जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय स्तर पर HIV/AIDS के खिलाफ जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाना रहा।

हिमालयन लाइव ब्यूरो