पौड़ी में पशुपालन योजनाओं से 1,726 ग्रामीणों को मिला स्वरोजगार, ₹8.64 करोड़ की सहायता

file_00000000ecd481f4a2bd087b380f2434

पौड़ी: जिले में पशुपालन को स्वरोजगार का माध्यम बनाने के लिए संचालित योजनाओं से पिछले पांच वर्षों में 1,726 ग्रामीण लाभान्वित हुए हैं। वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक पशुपालन विभाग ने विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 8 करोड़ 64 लाख 90 हजार 506 रुपये की आर्थिक सहायता दी।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा के अनुसार, विभाग का फोकस ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और पात्र परिवारों को पशुपालन से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने पर है। लाभार्थियों को आर्थिक मदद के साथ तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।

पांच वर्षों में गौपालन योजना से 361, सामान्य वर्ग बकरी पालन से 162 और एससीपी बकरी पालन योजना से 241 लाभार्थी जुड़े। महिला बकरी पालन योजना के 82 लाभार्थियों को 28.70 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के 305 लाभार्थियों को 1.92 करोड़ रुपये की सहायता मिली।

विभाग के मुताबिक, गौपालन, बकरी पालन, गोट वैली और ब्रायलर फार्म जैसी योजनाओं के जरिए ग्रामीणों को दूध, मांस और अंडा उत्पादन से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो