ज्योलिकोट में जलजनित रोगों पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 1540 घरों का सर्वेक्षण

file_000000003574821186f6cad1f433a9e8

देहरादून: नैनीताल जिले के ज्योलिकोट और आसपास के क्षेत्रों में जलजनित रोगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी, जांच और उपचार कर रहा है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अधिकारियों को घर-घर सर्वेक्षण तेज करने और मरीजों को तत्काल उपचार व रेफरल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 18 अगस्त 2026 से अब तक 1,540 घरों का सर्वेक्षण किया गया है। पीएचसी ज्योलिकोट की ओपीडी में 675 और स्वास्थ्य शिविरों में 468 मरीजों को उपचार एवं परामर्श दिया गया, जबकि 130 मरीजों का आईपीडी में उपचार हुआ। प्रभावित क्षेत्रों में 673 लोगों को ओआरएस और 3,900 क्लोरीन टैबलेट वितरित की गई हैं।

आउटब्रेक प्रबंधन के लिए क्षेत्र में 26 चिकित्सकों समेत 53 स्वास्थ्यकर्मी तैनात किए गए हैं। ज्योलिकोट अस्पताल को 24×7 संचालित किया जा रहा है। मरीजों की जांच के लिए रोजाना 100 से अधिक सैंपल लिए जा रहे हैं, जिनमें HAV, HEV, कल्चर और LFT की जांच की जा रही है।

प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों का क्लोरीनीकरण, पानी की गुणवत्ता की जांच और जागरूकता अभियान जारी है। आपात स्थिति के लिए 108 एंबुलेंस और मेडिकल मोबाइल यूनिट तैयार रखी गई हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से सुरक्षित या उबला हुआ पानी पीने और पीलिया, उल्टी-दस्त या बुखार जैसे लक्षण होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो