अल्मोड़ा में ऐतिहासिक नंदादेवी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, जयकारों से गूंजा शहर
अल्मोड़ा: उत्तराखंड की सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में कुमाऊं के प्रसिद्ध ऐतिहासिक नंदादेवी महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हो गया है। महोत्सव के पहले दिन नंदादेवी मंदिर में पारंपरिक गणेश पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। इसके बाद शहर में भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंगलवार को राजा आनंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के समीप से शोभायात्रा शुरू हुई। माल रोड, थाना बाजार, गंगोली मोहल्ला, जौहरी बाजार और चौक बाजार होते हुए शोभायात्रा लाला बाजार के रास्ते नंदादेवी मंदिर परिसर पहुंची। पारंपरिक कुमाऊंनी परिधानों में सजे छात्र-छात्राएं नृत्य और लोकगीत प्रस्तुत करते हुए मां नंदा-सुनंदा के जयकारे लगाते आगे बढ़े। इससे पूरा अल्मोड़ा शहर भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग में रंगा नजर आया।
मंदिर परिसर में हुई रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
नंदादेवी मंदिर परिसर में विभिन्न विद्यालयों के बीच सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं ने मां नंदादेवी की आकर्षक झांकियां सजाने के साथ कुमाऊंनी लोकनृत्य, लोकगीत और नाट्य प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
नंदादेवी महोत्सव को देखने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के बाजारों में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक भी पहुंचे। महोत्सव के आयोजन से अल्मोड़ा की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत की झलक देखने को मिल रही है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
