1.10 लाख स्टाइपेंड की मांग: स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन पर पीजी डॉक्टरों का धरना स्थगित

HSVm1IGbIAArqKe

देहरादून: उत्तराखंड में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले नौ दिनों से राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे पीजी रेजिडेंट और जेआर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया है। मंत्री ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का भरोसा दिलाया।

71 हजार से बढ़ाकर 1.10 लाख रुपये स्टाइपेंड की मांग

पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों को वर्तमान में 71,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिल रहा है। डॉक्टरों की मांग है कि इसे बढ़ाकर 1,10,000 रुपये किया जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डॉक्टर स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री से मुलाकात और आश्वासन के बाद डॉक्टरों ने निश्चित अवधि के लिए धरना स्थगित करने का फैसला लिया। हालांकि, स्टाइपेंड वृद्धि पर अंतिम निर्णय कब होगा, यह स्पष्ट नहीं है।

एमबीबीएस इंटर्न का स्टाइपेंड पहले ही बढ़ा

गौरतलब है कि 11 सितंबर को कैबिनेट ने एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड 17,000 से बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रतिमाह करने को मंजूरी दी थी। इंटर्न डॉक्टरों ने 30,000 रुपये की मांग की थी। मंजूरी मिलने के बाद उन्होंने धरना और कार्यबहिष्कार स्थगित कर दिया था।

वहीं, पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों के स्टाइपेंड पर कैबिनेट में निर्णय नहीं होने के कारण उनका आंदोलन जारी था। अब स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद डॉक्टरों को जल्द फैसले की उम्मीद है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो