हरिद्वार में मिलावटखोरों पर शिकंजा, 71 मुकदमे दर्ज, 5.65 लाख का जुर्माना
हरिद्वार: जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले पांच महीनों में करीब 400 खाद्य सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए। रिपोर्ट के आधार पर सीजेएम और एडीएम कोर्ट में 71 वाद दायर किए गए, जबकि 11 मामलों में 5.65 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। तीन मामलों में छह महीने की सजा और करीब एक लाख रुपये जुर्माने का आदेश भी दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान खराब और मानकों के विपरीत पाए गए खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया। जुलाई में श्यामपुर में करीब 50 किलो पनीर नष्ट किया गया था, जबकि फरवरी में सराय क्षेत्र से पांच कुंतल पनीर बरामद हुआ था।
दूध, पनीर और मिठाइयों पर विशेष नजर
खाद्य सुरक्षा विभाग की पांच टीमें हरिद्वार, रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और झबरेड़ा में दुकानों, डेयरियों, होटलों और रेस्टोरेंट की जांच कर रही हैं। दूध, पनीर, मावा, घी, मिठाइयों और मसालों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सिडकुल के कुछ रेस्टोरेंट और एक नामी घी कंपनी में भी अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी किए गए हैं। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन में भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
