उत्तराखंड के 100 ट्रेकिंग रूट्स की होगी GPS मैपिंग, बनेगा ऑफलाइन नेविगेशन ऐप
देहरादून: उत्तराखंड में ट्रेकिंग को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य के 100 प्रमुख ट्रेक एवं हाइक रूट्स की GPS/GIS मैपिंग की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से तकनीकी सर्वेक्षण के लिए अभियान दल को फ्लैग ऑफ किया।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की टीमें चयनित ट्रेकिंग रूट्स का स्थलीय सर्वेक्षण कर विस्तृत मैपिंग करेंगी। इसके आधार पर ऑनलाइन और ऑफलाइन GPS नेविगेशन ऐप विकसित किया जाएगा, जिससे नेटवर्क नहीं होने पर भी ट्रेकर्स रास्तों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वैज्ञानिक मैपिंग से ट्रेकिंग अधिक सुरक्षित होगी और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों में मदद मिलेगी। परियोजना से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान कैंप साइट्स, डस्टबिन और शौचालय के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान भी की जाएगी। परियोजना के तहत DPR और कॉफी टेबल बुक तैयार की जाएगी। विभाग के अनुसार, परियोजना सफल होने पर उत्तराखंड सभी 100 मैप किए गए ट्रेकिंग रूट्स को कवर करने वाला ऑनलाइन और ऑफलाइन GPS नेविगेशन ऐप विकसित करने वाला देश का पहला राज्य बनेगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
