अंकिता भंडारी हत्याकांड: चार साल बाद भी न्याय की मांग, देहरादून में विरोध प्रदर्शन
देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड के चार साल पूरे होने पर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने देहरादून में प्रदर्शन कर न्याय की मांग उठाई। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच के बैनर तले गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसके बाद गांधी पार्क से घंटाघर तक मानव श्रृंखला बनाकर कथित VIP की पहचान सार्वजनिक करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
उत्तराखंड पूर्व सैनिक अर्धसैनिक संयुक्त संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश थपलियाल ने कहा कि प्रदेश की जनता आज भी अंकिता को नहीं भूली है और उसके परिवार को न्याय का इंतजार है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता ने अपनी जान को खतरा होने और VIP को विशेष सेवाएं देने के लिए दबाव बनाए जाने की बात कही थी, लेकिन उसके कथित अंतिम बयानों को गंभीरता से नहीं लिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने VIP से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच, सीबीआई जांच में पारदर्शिता और सभी तथ्यों को सामने लाने की मांग की। वक्ताओं ने अंकिता के अंतिम संस्कार की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए।
उत्तराखंड महिला मंच की निर्मला बिष्ट ने भी मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर चिंता जताई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पारदर्शी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
