उत्तराखंड MBBS फर्जीवाड़ा: 370 संदिग्ध अभ्यर्थियों की सूची स्वास्थ्य मंत्री को सौंपी, जांच के निर्देश जारी
देहरादून: उत्तराखंड में स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटे से MBBS दाखिले में कथित फर्जी प्रमाण-पत्रों का मामला तूल पकड़ रहा है। एक्टिविस्ट प्रदीप बहुगुणा ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को 370 संदिग्ध अभ्यर्थियों की सूची सौंपकर उनके दस्तावेजों की जांच की मांग की है।
बहुगुणा का दावा है कि कुछ अभ्यर्थियों ने दूसरे राज्यों से स्कूली शिक्षा और NEET परीक्षा पास करने के बावजूद उत्तराखंड के स्थायी निवास और स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाण-पत्र हासिल किए। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड और प्रमाण-पत्रों का सत्यापन कराने की मांग की है।
चार MBBS दाखिले पहले ही रद्द
इससे पहले देहरादून जिला प्रशासन की जांच में चार अभ्यर्थियों के स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाण-पत्र निरस्त किए गए थे, जिसके बाद उनके MBBS दाखिले भी रद्द कर दिए गए। कथित फर्जी प्रमाण-पत्रों के मामले में चार छात्राओं समेत पांच लोगों के खिलाफ देहरादून के दो थानों में मुकदमा दर्ज है।
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जांच के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि पहले सामने आए मामलों की जांच के निर्देश जिलाधिकारी देहरादून को दिए गए हैं। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा विभाग को काउंसलिंग के दौरान संदिग्ध दस्तावेज मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।
हालांकि, 370 अभ्यर्थियों के दस्तावेज फर्जी होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। आगामी MBBS काउंसलिंग से पहले दस्तावेजों के सत्यापन और संभावित अनियमितताओं पर सभी की नजर रहेगी।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
