उत्तराखंड में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 71.59 लाख मतदाता शामिल
देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई। नई सूची में करीब 71.59 लाख मतदाता हैं। इनमें करीब 37.38 लाख पुरुष और 34.21 लाख महिलाएं शामिल हैं।
SIR की शुरुआत 8 जून को हुई थी और 14 जुलाई को ड्राफ्ट सूची जारी की गई थी। दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची में करीब 1.30 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि करीब 1.05 लाख नाम हटाए गए। प्रदेश में कुल 12,543 मतदेय स्थल हैं।
अंतिम सूची में 18 से 19 साल के करीब 72.7 हजार युवा और 80 साल से ज्यादा उम्र के करीब 1.23 लाख मतदाता शामिल हैं। सूची से छूटे पात्र लोगों को जोड़ने के लिए अब विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बीएलओ घर-घर जाकर छूटे मतदाताओं की पहचान करेंगे और फॉर्म-6 भरने में मदद करेंगे। इसके अलावा बूथ कैंप, नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी और बेघर लोगों के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। मतदाता सूची voter.eci.gov.in और ceo.uk.gov.in पर देखी जा सकती है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
