बनबसा में ऐतिहासिक कैबिनेट बैठक, 24 अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर
चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में रविवार को भारत-नेपाल सीमा से सटे बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में कैबिनेट बैठक हुई। चम्पावत में पहली बार हुई बैठक में शासन को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने और स्थानीय विकास को गति देने पर जोर दिया गया।
कैबिनेट ने वन भूमि हस्तांतरण के लिए 6 पदों वाली PMU, पंतनगर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के विस्तार के लिए ₹66.29 करोड़ जारी करने और संपत्ति लेन-देन में PAN Verification लागू करने को मंजूरी दी।
सरकार ने राजकोषीय घाटे की सीमा GSDP के 3% और संचयी ऋण की सीमा 30% तय करने वाले संशोधन को मंजूरी दी। साथ ही भूमि विनियमितीकरण, स्थानीय निकायों और सिंचाई व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों पर भी फैसला लिया गया।
युवाओं के लिए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा कौशल संवर्धन योजना-2026 को मंजूरी मिली। इससे करीब 1.19 लाख विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और पांच वर्षों में लगभग ₹200 करोड़ खर्च किए जाएंगे। मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों के वेतन/मानदेय के पुनर्निर्धारण समेत स्वास्थ्य, पशुपालन और सतर्कता विभागों से जुड़े कई प्रस्ताव भी मंजूर हुए।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
