हरिद्वार को मिली 3 नई रेल सेवाओं की सौगात, गरीब रथ का भी हुआ विस्तार
देहरादून: उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे मंत्रालय ने हरिद्वार के लिए तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं को मंजूरी दी है। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे मंत्रालय के अनुसार, बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा हरिद्वार–वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस के संचालन को भी स्वीकृति दी गई है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री धामी ने इन रेल सेवाओं की मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी बेहद महत्वपूर्ण है। नई रेल सेवाओं से हरिद्वार और उत्तराखंड आने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
