उत्तराखंड में बदला वोटर गणित, SIR के बाद 69 सीटों पर घटे मतदाता
देहरादून: उत्तराखंड में SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी होने के साथ 2027 विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश का मतदाता गणित बदल गया है। 2002 के मुकाबले प्रदेश में 11 लाख 7 हजार 695 मतदाता कम हुए हैं। अब कुल मतदाताओं की संख्या 71 लाख 58 हजार 949 है।
विधानसभा स्तर पर 70 में से 69 सीटों पर मतदाता घटे हैं, जबकि हरिद्वार की ज्वालापुर सीट पर 73 मतदाता बढ़े हैं। सबसे ज्यादा कमी देहरादून की धर्मपुर सीट पर 57,318 मतदाताओं की हुई है। इसके बाद कैंट में 46,346, ऋषिकेश में 43,299, रायपुर में 39,989 और राजपुर रोड में 39,046 मतदाता कम हुए।
मैदानी क्षेत्रों में काशीपुर में 41,281, हरिद्वार में 39,553, रानीपुर में 32,129 और रुड़की में 31,989 मतदाताओं की कमी दर्ज हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में टिहरी, लैंसडाउन, चौबट्टाखाल और पौड़ी जैसी सीटों पर भी हजारों मतदाता कम हुए हैं।
SIR के बाद बदली सूची 2027 चुनाव के लिहाज से राजनीतिक दलों के लिए अहम है। हालांकि, मतदाताओं की संख्या में कमी से सीधे किसी दल को फायदा या नुकसान होने का निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगा। कांग्रेस ने प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं, जबकि भाजपा ने इसे निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए फर्जी, मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की कार्रवाई बताया है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
