उत्तराखंड का पूर्ण साक्षर राज्य बनना हर प्रदेशवासी के लिए गौरव की बात : CM धामी
देहरादून: उत्तराखंड देश का छठवां पूर्ण साक्षर राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान की परीक्षा पास करने वाले नव-साक्षरों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों, विद्यार्थियों, नव-साक्षरों और करीब 25 हजार स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। मिजोरम, गोवा, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के बाद उत्तराखंड यह उपलब्धि हासिल करने वाला देश का छठवां राज्य है।
धामी ने कहा कि साक्षरता अब केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है। डिजिटल और वित्तीय साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता और जीवन कौशल भी जरूरी हैं। पूर्ण साक्षरता को मंजिल नहीं, बल्कि नई शुरुआत मानकर इन क्षेत्रों में आगे काम किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं और 500 विद्यालयों में वर्चुअल क्लासरूम विकसित किए जा रहे हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
