उत्तराखंड में AI से लैस होंगी STEM लैब्स, हर जिले में खुलेंगे विज्ञान एवं नवाचार केंद्र: CM धामी

IMG_20261009_192316

बागेश्वर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को बागेश्वर के मंडलसेरा स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ किया। दो दिवसीय महोत्सव में चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के 240 बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सीमांत जनपद विज्ञान महोत्सव और संबंधित कार्यक्रमों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही प्रदेश की STEM लैब्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने, सभी विकासखंडों में लैब ऑन व्हील्स स्थापित करने और प्रत्येक जिले में विज्ञान एवं नवाचार केंद्र खोलने की बात कही।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए AI, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री ने बाल वैज्ञानिकों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं के उत्तर दिए और उन्हें नए विचारों, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून में साइंस सिटी और चंपावत में साइंस सेंटर विकसित किया जा रहा है। विज्ञान एवं तकनीक के माध्यम से स्मार्ट कृषि, नवाचार और सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love