देहरादून में छात्रों को अवैध शराब सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़

HUK_LWtbcAA4mZD

देहरादून: देहरादून के बिधौली-प्रेमनगर क्षेत्र में कॉलेज छात्रों को अवैध शराब सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। टीम ने छापेमारी कर 95 बोतल इंपोर्टेड शराब और बडवाइजर बीयर की 28 कैन बरामद की हैं। इस मामले में आदित्य कुमार को पकड़ा गया है, जबकि मुख्य आरोपी गर्वित उर्फ विक्रांत सात अक्टूबर को अदालत में आत्मसमर्पण कर जेल जा चुका है।

आबकारी विभाग के अनुसार, गर्वित मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और वर्ष 2022 में देहरादून की एक निजी यूनिवर्सिटी में एलएलबी की पढ़ाई करने आया था। आरोप है कि उसने दिल्ली और हरियाणा से शराब लाकर हॉस्टल और पीजी में रहने वाले छात्रों तक इसकी सप्लाई शुरू की।

जांच में सामने आया कि शराब के ऑर्डर और डिलीवरी के लिए रेट कार्ड और WhatsApp ग्रुप का इस्तेमाल किया जाता था। आरोप है कि युवाओं को पैसों का लालच देकर डिलीवरी के काम में लगाया गया था। शराब पहुंचाने के लिए बिना नंबर की स्कूटी भी इस्तेमाल की जाती थीं, जिनमें से चार को विभाग पहले ही जब्त कर चुका है।

इस मामले में 25 अगस्त को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। गर्वित की मां को भी अवैध शराब की बिक्री के आरोप में जेल भेजा गया था। आठ अक्टूबर को आदित्य के कमरे से शराब बरामद होने के बाद विभाग शराब के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो

Spread the love