उत्तराखंड में विकास को रफ्तार, CM धामी ने 728 करोड़ की योजनाओं पर लगाई मुहर
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों के लिए करीब 728 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। इसमें हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए 492 करोड़ और टिहरी बांध प्रभावित 178 पात्र परिवारों के लिए 132.43 करोड़ रुपये का नकद प्रतिकर प्रमुख है।
कुंभ की व्यवस्थाओं के लिए राज्य सेक्टर से 175 करोड़ और केंद्र से अनुमोदित कार्यों के लिए 317 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, पुनर्वास नीति-1988 के तहत टिहरी प्रभावित परिवारों के प्रतिकर में वृद्धि को मंजूरी मिली है।
अल्मोड़ा के सल्ट में गैरखेत-बलमरा-सराईखेत मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 6.13 करोड़ और सितारगंज में अपर बैगुल नहर के जीर्णोद्धार के लिए 7.84 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। पौड़ी के ढिकोलिया में नलकूप और नैनीताल के ल्वेशाल में लिफ्ट सिंचाई योजना के लिए क्रमशः 1.43 करोड़ और 2.54 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
पिथौरागढ़ के सकत्या बड़बाप मंदिर के विकास के लिए 45.03 लाख और चंपावत के ब्रह्मचारिणी मेला स्थल के लिए 50 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा हरिद्वार के बीएचईएल-रानीपुर में तीन निर्माण कार्यों के लिए 2.67 करोड़ और जिला पंचायतों को तीसरी तिमाही की किस्त के रूप में 82.21 करोड़ रुपये देने की मंजूरी मिली है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
