उत्तराखंड के पांच जिलों में कल ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
देहरादून: मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का अनुमान है।
मौसम की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने भी जनसुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
सचिव ने चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, खराब मौसम में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सड़क निर्माण एजेंसियों को मशीनरी तैयार रखने के निर्देश दिए। राहत एवं बचाव दलों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है।
बैठक में ओलावृष्टि प्रभावितों को सहायता देने के लिए तत्काल प्रस्ताव भेजने और चीड़बासा क्षेत्र में पत्थर गिरने से बचाव के लिए सुरक्षा जाल लगाने संबंधी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है। आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 पर सूचना दें।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
