दिल्ली से हरिद्वार का सफर सिर्फ 1.5 घंटे में, 6-लेन कॉरिडोर जल्द खुलेगा
देहरादून: दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जल्द राहत मिल सकती है। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को हरिद्वार से जोड़ने वाले 51 किलोमीटर लंबे 6-लेन संपर्क मार्ग का निर्माण अंतिम चरण में है। सड़क परिवहन मंत्रालय के अनुसार, इसे अगले दो महीने में यातायात के लिए खोलने की योजना है। इससे दिल्ली से हरिद्वार का सफर करीब डेढ़ घंटे में पूरा होने की उम्मीद है।
92 प्रतिशत निर्माण पूरा
यह मार्ग उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में हलगोया मुस्तकम के पास एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा और उत्तराखंड में बढ़ेड़ी राजपूताना के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-334 तक पहुंचेगा। परियोजना का करीब 92 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
नए मार्ग से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हरिद्वार पहुंचना आसान होगा। इससे होटल, धर्मशालाओं, रेस्तरां और टैक्सी कारोबार को फायदा मिलने की उम्मीद है। पर्यटक एक ही दिन में गंगा स्नान और प्रमुख मंदिरों के दर्शन कर वापस लौट सकेंगे।
अर्धकुंभ-2027 के लिए भी अहम
एनएचएआई अधिकारी सौरभ के अनुसार, नया मार्ग हरिद्वार आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराएगा। इससे वीकेंड, स्नान पर्व और आगामी अर्धकुंभ-2027 के दौरान यातायात प्रबंधन में मदद मिल सकती है। बेहतर कनेक्टिविटी से आसपास के क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों और निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
