लेखक गाँव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में बोले CM धामी, ‘देवभूमि के विचारों ने समाज को दी नई दिशा’

IMG_20261029_200657

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को थानों स्थित लेखक गाँव में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने ‘धरती का स्वर्ग उत्तराखंड’ पत्रिका और ‘देवभूमि का काव्य पुष्प’ पुस्तिका का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से ज्ञान, साहित्य और संस्कृति का केंद्र रही है। यहां से निकले विचारों ने समाज को हमेशा प्रेरित कर नई दिशा दी है। लेखक गाँव स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ उत्तराखंड को साहित्यिक मानचित्र पर नई पहचान दिला रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। साहित्यकारों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित करने के साथ स्थानीय भाषाओं में पुस्तकों के प्रकाशन के लिए अनुदान दिया जा रहा है। राज्य में दो साहित्य ग्राम भी विकसित किए जा रहे हैं, जहां पुस्तकालय, संगोष्ठी कक्ष और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सीएम धामी ने कहा कि सरकार उत्तराखंड की साहित्यिक धरोहर को संरक्षित कर साहित्यिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से सीमांत क्षेत्रों में रिवर्स माइग्रेशन और आदि कैलाश व नीति-माणा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love