CM धामी ने तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की

IMG_20261107_174319

देहरादून: उत्तराखण्ड के प्रवासियों को प्रदेश के विकास से जोड़ने के उद्देश्य से 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों से प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उनके अनुभव, विशेषज्ञता और सुझावों का लाभ राज्य के विकास में लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रवासियों को निवेश, स्वरोजगार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

सम्मेलन में ‘विकसित उत्तराखण्ड में प्रवासियों की भूमिका’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित होगा। इसके अलावा ‘हौसलों की उड़ान: उत्तराखण्ड के युवा संघर्ष से सफलता के शिखर तक’ विषय पर भी संवाद किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानन्द ऑडिटोरियम में होगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सम्मेलन में उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करने के साथ ही सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करने के साथ प्रदेश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love