धनतेरस पर देहरादून में 1000 करोड़ से अधिक का कारोबार, 25 दिन में बिके 22 हजार वाहन

IMG_20261107_183639

देहरादून: धनतेरस पर महंगाई और सोने-चांदी की रिकॉर्ड कीमतों के बावजूद देहरादून के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजार में देर रात तक ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। पीएचडी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के वाइस चेयरमैन राजीव घई के अनुसार, इस बार धनतेरस पर दून में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा करीब 600 करोड़ रुपये था।

ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नवरात्र से धनतेरस तक महज 25 दिनों में देहरादून में करीब 22 हजार नए वाहन बिके। धनतेरस पर ही छह हजार से अधिक वाहनों की बिक्री का अनुमान है, जबकि पिछले साल करीब पांच हजार वाहन बिके थे।

दोपहिया वाहनों की मांग सबसे अधिक रही। बाइक और स्कूटी के साथ कारों और एसयूवी की भी जमकर बिक्री हुई। कई लोकप्रिय मॉडलों पर लंबी वेटिंग चल रही है। इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। कारोबारियों के अनुसार, धनतेरस पर एसएल होंडा ने 1,100 से अधिक, सैफसन होंडा ने 1,000, महिंद्रा ने 170, मारुति ने 120 और टाटा मोटर्स ने 100 कारों की बिक्री की।

वहीं, सराफा बाजार में सोने-चांदी के महंगे होने के बावजूद लोगों ने आभूषण, सिक्के और चांदी के बर्तनों की खरीदारी की। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज और वाशिंग मशीन की मांग रही, जबकि बर्तन बाजार में भी खूब रौनक देखने को मिली।

नए मॉडल, आकर्षक ऑफर और ग्राहकों की बढ़ती खरीदारी ने त्योहारी कारोबार को नई रफ्तार दी। कारोबारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक बाजारों में खरीदारी का उत्साह बना रहेगा।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love