शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट, मां गंगा की डोली मुखबा के लिए रवाना
उत्तरकाशी: विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर मंदिर के कपाट बंद हुए। इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव के लिए रवाना हुई।
इस दौरान हजारों श्रद्धालु गंगोत्री धाम में मौजूद रहे और मां गंगा के जयकारों के साथ उन्हें भावभीनी विदाई दी। कपाट बंद होने की प्रक्रिया मंगलवार सुबह से ही शुरू हो गई थी। तीर्थ पुरोहितों ने गंगा घाट पर मां गंगा का अभिषेक और आरती की। इसके साथ ही मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
डोली यात्रा के दौरान सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों से पूरा गंगोत्री धाम भक्तिमय हो उठा। शीतकाल में धाम में रहने वाले साधु-संतों और मंदिर, आश्रम व होटलों की देखरेख करने वाले कर्मचारियों ने भी मां गंगा को भावभीनी विदाई दी।
गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहित राजेश सेमवाल के अनुसार, मां गंगा की उत्सव डोली रात्रि विश्राम के लिए मार्कंडेयपुरी देवी मंदिर में ठहरेगी। यहां रातभर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इसके बाद बुधवार को डोली मुखबा गांव पहुंचेगी। अगले छह माह तक श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा स्थित मुखीमठ में कर सकेंगे।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
