उत्तराखंड में शहरी विकास को नई रफ्तार, कुंभ-2027 से पहले हाईटेक होगी हरिद्वार की स्वच्छता व्यवस्था

IMG_20261110_191946

ऋषिकेश: आगामी कुंभ-2027 को देखते हुए हरिद्वार में डिजिटल स्वच्छता निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश के चन्द्रेश्वर नगर में आयोजित कार्यक्रम में देवभूमि रजत जयंती पार्कों और विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी के 9 नगर निकायों में विकसित रजत जयंती पार्कों को जनता को समर्पित किया। इसके अलावा देहरादून में 36 करोड़ रुपये से अधिक की 7 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के लिए 8 कूड़ा संग्रहण वाहनों को भी रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित रुद्रपुर और काशीपुर नगर निगमों को बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं और शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जा रहा है। चारधाम यात्रा मार्गों पर डिजिटल डिपॉजिट-रिफंड व्यवस्था से 60 हजार किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक एकत्र किया गया है। वहीं, 107 नगर निकायों के लिए करीब 1,375 करोड़ रुपये की स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत योजना के तहत पेयजल और सीवरेज सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 62 हजार से अधिक आवास स्वीकृत हुए हैं, जबकि 50 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिल चुके हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love