उत्तराखंड-UP परिसंपत्ति बंटवारे पर जल्द होगी अहम बैठक, CM धामी करेंगे योगी आदित्यनाथ से मुलाकात

IMG_b8c13152-116a-4cc7-8c28-e50669bc85ae

देहरादून: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबित परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज जल्द ही यूपी दौरे पर जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। इस दौरान भूमि और भवनों के हस्तांतरण, खटीमा बैराज के पुनर्निर्माण और इकबालपुर नहर परियोजना पर चर्चा होगी।

सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता सुभाष चंद्र पांडेय के मुताबिक, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और चंपावत में कुल 659.5 हेक्टेयर भूमि उत्तराखंड को हस्तांतरित होनी है। इसके अलावा 429 आवासीय और 180 अनावासीय भवन भी मिलने हैं। इन मामलों में यूपी के अधिकारियों ने सहमति दे दी है, अब शासनादेश जारी होना बाकी है।

इकबालपुर नहर के लिए मांगा जाएगा 665 क्यूसेक पानी

यूपी दौरे के दौरान खस्ताहाल खटीमा बैराज के पुनर्निर्माण और परिसंपत्तियों पर अतिक्रमण रोकने का मुद्दा भी उठाया जाएगा। इसके साथ ही इकबालपुर नहर परियोजना के लिए ऊपरी गंगनहर से 665 क्यूसेक पानी की मांग की जाएगी।

करीब 35 किलोमीटर लंबी इस नहर से हरिद्वार के बहादराबाद, भगवानपुर और नारसन क्षेत्र की 18,500 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। उत्तराखंड सरकार इसके निर्माण का खर्च उठाने को भी तैयार है।

सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि प्रस्तावित दौरे को लेकर बैठक हो चुकी है। जिन मामलों का समाधान जल्द संभव है, उन्हें प्राथमिकता से निस्तारित करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love