सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गंगा घाटों पर गूंजे जयकारे

1200-675-28068860-thumbnail-16x9-haridwar-somvati-amavasya-aspera

हरिद्वार: सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर सुबह तड़के से ही स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

स्नान पर्व के दौरान घाटों पर जयकारों की गूंज सुनाई दी। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद दान-पुण्य और पितरों की शांति के लिए धार्मिक अनुष्ठान भी किए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान, दान और पितृ पूजन का विशेष महत्व है। ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, इस दिन गंगा स्नान और पिंडदान करने से विशेष पुण्यफल की प्राप्ति होती है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए। पूरे मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में बांटकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। हरकी पैड़ी समेत प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं को दूसरे घाटों की ओर भेजने की व्यवस्था भी की गई।

वहीं, कुंभ मेले की तैयारियों के तहत हरकी पैड़ी क्षेत्र में अस्थायी पुलों का निर्माण कार्य जारी होने के कारण गंगा में पानी की मात्रा सामान्य से कम रखी गई है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के स्नान के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराया गया।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love