चारधाम यात्रा में पहुंचे 48 लाख श्रद्धालु, यमुनोत्री धाम ने बनाया नया रिकॉर्ड
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की चुनौती के बीच चारधाम यात्रा लगातार जारी है। यात्रा शुरू होने के 125 दिनों में अब तक 48 लाख 4 हजार 897 श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में 42 लाख 82 हजार 263 श्रद्धालु पहुंचे थे। इस तरह इस साल अब तक 5 लाख 22 हजार 634 अधिक तीर्थयात्री चारधाम यात्रा कर चुके हैं।
इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा शुरू हुई थी। सबसे खास बात यह है कि यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यहां अब तक 6 लाख 68 हजार 163 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2025 में यह संख्या 6 लाख 44 हजार 637 थी।
चारों धामों में अब तक बदरीनाथ में 16 लाख 54 हजार 263, केदारनाथ में 14 लाख 65 हजार 370, गंगोत्री में 7 लाख 47 हजार 671 और यमुनोत्री में 6 लाख 68 हजार 163 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। वहीं, हेमकुंड साहिब में भी 2 लाख 69 हजार 430 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका है।
बदरीनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। यहां पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 3 लाख 62 हजार 304 अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
मानसून को देखते हुए चारधाम यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी समेत यात्रा से जुड़े जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट रखा गया है। मौसम खराब होने की स्थिति में प्रशासन यात्रा को नियंत्रित कर रहा है और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक एडवाइजरी जारी की जा रही है।
राज्य सरकार के अनुसार, चारधाम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। चारों धामों और यात्रा पड़ावों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, जबकि सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारी यात्रा व्यवस्थाओं और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
