बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर फिर लगी आग, स्काई शॉट पटाखे से भड़की लपटें

1200-675-28064524-thumbnail-16x9-badrinath-forest-fire-aspera

चमोली: विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर एक बार फिर जंगल में आग लगने की घटना सामने आई है। शनिवार देर शाम आतिशबाजी के दौरान स्काई शॉट पटाखे से बामणी वन पंचायत क्षेत्र के जंगल में आग भड़क उठी। आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।

सूचना मिलते ही अलकनंदा वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। डीएफओ प्रियंका ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी की। वन कर्मियों ने रात करीब 9:30 बजे से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर बार-बार आग लगने की घटनाओं से वन संपदा और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने ऐसी घटनाओं की जांच कराने और लापरवाही या जानबूझकर आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, डीएफओ प्रियंका ने दीपावली के दौरान आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पटाखों से जंगलों में आग लगने का खतरा रहता है। वन संपदा और पर्यावरण की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से जंगलों में आग दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love