‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट

IMG_20261111_110257

रुद्रप्रयाग: विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे। इस दौरान पूरा धाम हर-हर महादेव और जय श्री केदार के जयकारों से गूंज उठा।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया सुबह तीन बजे मंदिर खुलने के साथ शुरू हुई। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धार्मिक अनुष्ठानों के बाद भगवान के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया। इसके बाद सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए।

कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। डोली 12 नवंबर को गुप्तकाशी स्थित विश्वनाथ मंदिर और 13 नवंबर को ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। अगले छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होगी।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष केदारनाथ यात्रा में रिकॉर्ड साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। उन्होंने यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं और श्रद्धालुओं का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि अब शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु सर्दियों में भी बाबा के दर्शन कर सकें। उल्लेखनीय है कि इससे पहले सात नवंबर को बाबा केदार के क्षेत्रपाल भैरवनाथ के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love