बदरीनाथ-केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की पीएमओ ने मांगी रिपोर्ट, 20 नवंबर तक देनी होगी जानकारी
देहरादून: बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) समीक्षा करेगा। पीएमओ ने उत्तराखंड सरकार से दोनों धामों में अब तक हुए कार्यों और परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा मांगा है। सरकार को 20 नवंबर तक यह रिपोर्ट भेजनी होगी।
पीएमओ के निर्देशों के बाद पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने संबंधित अधिकारियों से एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) तलब की है। अधिकारियों को 17 नवंबर तक दोनों धामों में हुए कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय पर रिपोर्ट तैयार कर भेजी जा सके।
पूरे हो चुके और निर्माणाधीन कार्यों का देना होगा ब्यौरा
पीएमओ ने केवल निर्माण कार्यों की जानकारी ही नहीं, बल्कि परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति और उनकी प्रगति का विवरण भी मांगा है। इसमें अब तक पूरे हो चुके कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी शामिल होगी।
गौरतलब है कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में शामिल रहा है। प्रधानमंत्री कई बार स्वयं भी इन दोनों धामों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर चुके हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करना है।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने अधिकारियों को तय समयसीमा में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सभी जानकारियां जुटाने के बाद 20 नवंबर तक विस्तृत रिपोर्ट प्रधानमंत्री कार्यालय को भेज दी जाएगी।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
