आदि गौरव महोत्सव में दिखी जनजातीय संस्कृति और हस्तशिल्प की झलक
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को परेड ग्राउंड में आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखण्ड-2026’ में प्रतिभाग किया। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने आदिवासी संस्कृति एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किया गया संघर्ष आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
सीएम धामी ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है। प्रदेश में चार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय और तीन जनजातीय आईटीआई संचालित हैं। सरकार जनजातीय युवाओं को शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। सरकार का संकल्प है कि जनजातीय समाज का प्रत्येक परिवार विकास से जुड़े, युवा आत्मनिर्भर बनें और बेटियां शिक्षित एवं सशक्त हों।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
