चारधाम यात्रा ने तोड़ा रिकॉर्ड, 47 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा इस वर्ष नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। मानसून की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है। यात्रा के 114 दिनों में अब तक 47 लाख 2 हजार 703 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं।
19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई यात्रा में 10 अगस्त तक पिछले वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले करीब 4.68 लाख अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। पिछले वर्ष यह संख्या 42 लाख 34 हजार 147 थी।
आंकड़ों के अनुसार, बदरीनाथ में 16,12,112, केदारनाथ में 14,50,116, गंगोत्री में 7,37,629 और यमुनोत्री में 6,62,347 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, हेमकुंड साहिब में 2,40,499 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मानसून के दौरान यात्रा को पूरी सतर्कता के साथ संचालित किया जा रहा है। चारों धामों और यात्रा पड़ावों पर श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। संवेदनशील भूस्खलन क्षेत्रों में सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिलाधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
