उत्तराखंड: भरसार विश्वविद्यालय में चार महीने से वेतन नहीं मिलने पर उपनल कर्मचारियों की हड़ताल
पौड़ी गढ़वाल: वीर चंद्र सिंह गढ़वाली औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार में कार्यरत उपनल कर्मचारियों को पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिला है। लंबे समय से वेतन का भुगतान न होने और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे कर्मचारियों ने मंगलवार, 4 नवंबर को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल शुरू कर दी।
उपनल कर्मचारी संघ, भरसार की ओर से इस संबंध में 3 नवंबर को महाविद्यालय प्रशासन को पत्र भेजकर हड़ताल की सूचना दी गई थी। पत्र में कर्मचारियों ने बताया कि चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, पितृपक्ष और दशहरा जैसे त्योहार भी बीत चुके हैं, लेकिन कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है।
कर्मचारियों का कहना है कि आर्थिक तंगी के चलते उन्हें अपने परिवार की दैनिक जरूरतें पूरी करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दीपावली का त्योहार भी नजदीक है। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेशानुसार समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने की मांग के बावजूद शासन और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
वेतन भुगतान और समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर कर्मचारियों में रोष है। इसी के विरोध में विश्वविद्यालय परिसर में एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दीपावली से पहले उनका लंबित वेतन जारी नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने प्रशासन से जल्द वेतन भुगतान और अपनी लंबित मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
