उत्तराखंड में शीतकालीन चारधाम यात्रा का रजिस्ट्रेशन शुरू, ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों विकल्प
ऋषिकेश: उत्तराखंड में शीतकालीन चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहली बार श्रद्धालुओं के लिए शीतकालीन यात्रा में भी रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। यात्री ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण भी करा सकते हैं। इसके लिए ऋषिकेश, हरिद्वार और चारों धाम के शीतकालीन गद्दीस्थलों पर केंद्र खोले गए हैं।
इस बार सरकार चारधाम के साथ गढ़वाल मंडल के प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी शीतकालीन यात्रा से जोड़कर प्रचारित कर रही है। इनमें पंच बदरी और पंच केदार मंदिर प्रमुख रूप से शामिल हैं। श्रद्धालु हरिद्वार और ऋषिकेश के अलावा सीधे गद्दीस्थलों पर भी पंजीकरण करा सकते हैं।
कहां हैं चारों धाम के शीतकालीन गद्दीस्थल?
यमुनोत्री का शीतकालीन गद्दीस्थल खरसाली, गंगोत्री का मुखबा, केदारनाथ का ऊखीमठ और बदरीनाथ का पांडुकेश्वर व ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर है।
चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के अनुसार, 23 नवंबर तक 809 श्रद्धालु चारों धाम के शीतकालीन गद्दीस्थलों पर दर्शन कर चुके हैं। इस वर्ष हेमकुंड साहिब समेत चारधाम यात्रा में कुल 65,65,197 श्रद्धालु पहुंचे, जो एक नया रिकॉर्ड है। नियमित यात्रा 19 अप्रैल से 16 नवंबर तक चली, जिसके बाद शीतकालीन यात्रा शुरू हुई।
संगठन के विशेष कार्याधिकारी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि पंच बदरी, पंच केदार समेत अन्य मंदिरों का भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। वहीं, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अनुसार, यात्रा मार्गों और गद्दीस्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
